नई दिल्ली, (हि.स.)। देश के नए उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र की अपील के वाबजूद केंद्रीय खेल राज्य मंत्री विजय गोयल वोट डालने नहीं गए। हालांकि विपक्ष और एनडीए के कुल 14 सांसदों ने मतदान नहीं किया। जो 14 सांसद अनुपस्थित रहे उनमें भाजपा से पूर्व केंद्रीयमंत्री सांवर लाल जाट अस्पताल में भर्ती होने की वजह से नहीं जा सके। जबकि विजय गोयल का न जाने की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। वहीं कांग्रेस से पश्चिम बंगाल की सांसद मौसम नूर और रानी नारा (कांग्रेस), एनसीपी से उदयनराजे भोसले, पीएमके से अंबुमणि रामाडॉस से वोट करने नहीं पहुंचे हैं।
वहीं, कुणाल कुमार घोष, तापस पॉल, प्रोतिमा मंडल और अभिषेक बनर्जी टीएमसी से हैं। पीके कुल्हालीकुट्टी और अब्दुल वहाब आईयूएमएल के सांसद हैं। अनु आगा और एन के सारनिया निर्दलीय सांसद वोट डालने नहीं पहुंचे।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने के बाद गिनती जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 98.21 फीसदी मतदान हुआ जिनमें 785 में से 771 सांसदों ने वोट डाला। नतीजे शाम सात बजे तक घोषित कर दिये जाएंगे।
सदन में कुल 545 सीट हैं, जिनमें दो सीट रिक्त हैं। भाजपा के 281 और राजग के कुल मिलाकर 338 सदस्य हैं। बिहार के सासाराम से भाजपा सांसद छेदी पासवान अदालती फैसले के चलते वोट नहीं कर पायेंगे।
वहीं राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं जिनमें दो रिक्त हैं। भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए गत गुरुवार को राज्यसभा में 58 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल कर लिया है। कांग्रेस के 57 सांसद हैं।