राष्ट्रीय
राजनाथ ने अपने आवास में लगाया रूद्राक्ष का पौधा
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 4:50:36 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) की पौधारोपण मुहिम के अन्तर्गत अकबर रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर रूद्राक्ष का पौधा लगाया।
परिषद की पौधारोपण मुहिम की प्रशंसा करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की जरूरत है। इससे प्रदूषण के स्तर में काफी कमी आयेगी जिससे पारिस्थितिकी तंत्र बेहतर बनेगा। दिल्ली जैसे शहर में पेड़ों का काफी महत्व है।
एनडीएमसी के चेयरमैन नरेश कुमार ने कहा कि मानसून सीजन के अन्तर्गत परिषद ने 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन गत चार सप्ताह में ही सात लाख से ज्यादा पौधे लगाये जा चुके हैं। इससे हमारे कर्मचारी उत्साहित हैं। इससे एनडीएमसी एरिया में हरित क्षेत्र 48 से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।
पौधारोपण मुहिम का महत्व बताते हुए भारत में रूस के राजदूत ने कहा कि डिपलोमैटिक एरिया में हरित क्षेत्र में बढोतरी करना अच्छी पहल है। इससे यहां का वातावरण शुद्ध होगा। इस दौरान उन्होंने अपने आवास एवं कार्यालय में हरित में वृद्धि करने का भी संकल्प लिया। इस पौधारोपण मुहिम के तहत चीन, अफ्रीका एवं अन्य कई देशों के राजदूतों ने अपने यहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाये।