राष्ट्रीय
गडकरी शामिल होंगे रोहानी के शपथ ग्रहण समारोह में
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 4:18:03 PMनई दिल्ली, (हिस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ईरान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति हसन रोहानी के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गडकरी ने शनिवार को यहां पत्रकारों से कहा कि वह रोहानी के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ईरान की राजधानी तेहरान की 2 दिन की यात्रा पर जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दूसरी बार ईरान के राष्ट्रपति चुने गए रोहानी पूर्व में 3 अगस्त 2013 से 3 अगस्त 2017 तक राष्ट्रपति पद पर रहे थे और अब उनका कार्यकाल अगस्त 2021 तक है।
एक भव्य समारोह में रोहानी कानून निर्माताओं और गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष शपथ लेंगे। समारोह में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। ईरान के कानून के तहत रोहानी को अपने मंत्रिमंडल की सूची संसद को मंजूरी के लिए 2 सप्ताह में प्रस्तुत करनी होगी।