नई दिल्ली, (हि.स.)। देश के नये उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए शनिवार सुबह मतदान प्रारम्भ हो गया है। मतदान आज शनिवार शाम पांच बजे तक चलेगा। उसके बाद वोटों की गिनती होगी तथा नतीजे शाम सात बजे तक घोषित कर दिये जाएंगे।
सुबह सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदान के लिए संसद परिसर में बनाये गये मतदान केंद्र पहुंचे। उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार वेंकैया नायडू ने भी मतदान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मतदान करने पहुंचे। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर भी मतदान करने पहुंचे। योगी गोरखपुर संसदीय सीट और पर्रिकर उत्तर प्रदेश से राज्यसभा से इस्तीफा देने से पहले उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान की प्रतीक्षा कर रहे थे।
वहीं कांग्रेस सांसद जयराम रमेश संसद परिसर में मतदान के लिए पहले पहुंचने वालों में रहे। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने भी सुबह-सुबह मतदान किया। चुनाव में मुकाबला राजग उम्मीदवार वेंकैया नायडू और संप्रग उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी के बीच है।
दरअसल राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रामनाथ कोविंद की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले बीजद और एनडीए के घटक दल जदयू ने उपराष्ट्रपति चुनाव में गांधी का समर्थन करने का फैसला किया है।
हालांकि, जदयू ने बिहार में महागठबंधन का दामन छोड़ दिया है और भाजपा के साथ मिलकर नई सरकार बनायी है, लेकिन पार्टी ने उपराष्ट्रपति चुनाव में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके गांधी के पक्ष में मतदान करने का अपना फैसला नहीं बदला है।
मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं। राज्यसभा के पदेन सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में मतदान का अधिकार संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित तथा नामित सदस्यों को होता है।
दोनों सदनों में सदस्यों की कुल संख्या 790 है, लेकिन वर्तमान में लोकसभा में दो और राज्यसभा में एक सीट रिक्त है। वहीं, लोकसभा सदस्य छेदी पासवान न्यायिक फैसले के कारण मतदान के लिए अयोग्य करार दिये गये हैं।
लोकसभा के कुल 545 सदस्यों में भाजपा के 281 सांसद हैं, जबकि भाजपा नीत राजग के कुल 338 सदस्य हैं।
वहीं, 243 सदस्यीय राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भाजपा के कुल 58 सदस्य हैं जबकि सदन की सबसे दूसरी बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के पास 57 सदस्य हैं।