राष्ट्रीय
राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता विपक्ष का दर्जा नहीं
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 6:23:52 PMपटना, (हि.स.)। बिहार में सत्ता से बेदखल राजद को शुक्रवार को एक और झटका लगा है। विधान परिषद में सात सदस्य वाले राजद को मुख्य विपक्षी दल की मान्यता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को विपक्ष का नेता पद के दावे को उप सभापति हारुण रशीद ने खारिज कर दिया। उन्होंने इस पद के लिए 75 सदस्यीय परिषद में 8 सदस्य का होना जरूरी बताया गया है। नियम-परंपरा के तहत विपक्ष के नेता पद के लिए सदन में उस पार्टी के कम से कम 10 फीसदी सदस्य होने चाहिए। इसी कारण लोकसभा में कांग्रेस को 545 सदस्यीय लोकसभा में विपक्ष के नेता पद नहीं दिया सका है।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने गुरुवार को परिषद उपसभापति को पत्र लिखकर राबड़ी देवी को विपक्ष का नेता की मान्यता देने का अनुरोध किया था। जदयू-राजद-कांग्रेस महागठबंधन टूटने के बाद सत्ता से राजद और कांग्रेस के बेदखल होने के बाद विधानसभा में राजद के 80 विधायकों के बूते पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को विपक्ष के नेता की मान्यता मिल गयी है, पर परिषद में पार्टी को नेता विपक्ष पद पाने में निराशा हाथ लगी है।
विधान परिषद में पिछले चार वर्षों से भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी विपक्ष के नेता थे। जदयू-भाजपा की साझा सरकार बनने पर पुन: वे उप मुख्यमंत्री बन गये हैं। इस कारण परिषद में विपक्ष के नेता का पद खाली हो गया है। इधर राबड़ी देवी ने विपक्ष का नेता पद की राजद की मांग खारिज किये जाने पर कहा कि वह उचित समय पर बोलेंगी।