राष्ट्रीय
एनएचआरसी ने केरल सरकार को भेजा नोटिस
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 3:13:52 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एनएचआरसी ने केरल में बढ़ती राजनीतिक हत्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए केरल सरकार को नोटिस जारी किया है और उनसे इस मामले पर 4 सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने के लिए भी कहा है। आयोग ने इस बात पर बल दिया कि राज्य में चल रही हिंसा को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं न हो। राजनीतिक कार्यकर्ताओं की क्रूर हत्याओं में विभिन्न दलों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का संकेत मिलता है और राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 25 जनवरी को आयोग ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और केरल के भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्याओं की मीडिया रिपोर्ट के आधार पर इस मामले को स्वत: संज्ञान में लिया था और केरल के मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी थी। जिसमें पीड़ितों और उनके परिवारजन को क्या राहत दी गई है इस बारे में पूछा था।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने 6 अगस्त को राजनीतिक पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या के मामलों के मद्देनजर 6 अगस्त को त्रिवेंद्रम में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इसके अलावा त्रिवेंद्रम, कोटायम और कन्नू में शांति बैठकें आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय पर हमला नहीं किया जा सकता और राजनीतिक दलों को अधिक सतर्क होना चाहिए। उन्हें अपने कार्यकर्ताओं को ऐसी घटनाओं से दूर रहने का निर्देश देना चाहिए।
गौरतलब है कि केरल में पिछले कुछ महीनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की हत्याओं की अनेक घटनाएं प्रकाश में आई है| हाल ही में एक 34 वर्षीय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता की हत्या कोजीकोड में हुई थी। भाजपा ने संघ नेता की हत्या के लिए केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी नीत एलडीएफ सरकार पर आरोप लगाया था।