राष्ट्रीय
भारत डिजिटल पावर बनने की तरफ है अग्रसर : सरकार
By Deshwani | Publish Date: 2/8/2017 5:13:42 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। केंद्र सरकार देश में साइबर सुरक्षा को ज्यादा मजबूत बनाने के लिए अलग से एक डाटा संरक्षण कानून बना रही है। केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को लोकसभा में एक पूरक प्रश्न के जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत दुनिया में आज डिजिटल क्षेत्र की बड़ी ताकत के रूप में उभर रहा है और इसके मद्देनजर देश में साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाना जरूरी हो गया है। सरकार इस मुद्दे पर सबके साथ लगातार बातचीत कर रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत डिजिटल पावर बनने की तरफ अग्रसर है| इसे देखते हुए साइबर सुरक्षा को मजबूती प्रदान करना आवश्यक हो गया है। सरकार इसके लिए अलग से डाटा संरक्षण कानून बना रही है। साइबर सुरक्षा कानून का मसौदा तैयार करने का काम उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बीएन श्रीकृष्णा को सौंपा गया है।
दरअसल तृणमूल कांग्रेस सांसद दिनेश त्रिवेदी द्वारा साइबर हमले को अनिश्चित और परमाणु हमले से भी बड़ा बताए जाने पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि निश्चित रूप से साइबर हमला खतरनाक है। साइबर हमला किसी भी समय और कहीं से भी हो सकता है, लेकिन सरकार इससे निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है।
रविशंकर प्रसाद ने यह भी दावा किया कि हाल के दिनों में अन्य देशों की तुलना में भारत में साइबर हमले कम हुए हैं। साइबर सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा रहा है| इसके लिए आंतरिक तथा बाह्य स्तर पर सबकी मदद ली जा रही है।