राष्ट्रीय
ऊर्जा मंत्री शिवकुमार के घर आईटी रेड की अहमद पटेल ने आलोचना की और केंद्र पर बरसे
By Deshwani | Publish Date: 2/8/2017 5:02:15 PMबेंगलुरु, (हि.स.)। एआईसीसी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव और राज्यसभा के चुनावों में गुजरात से दावेदार अहमद पटेल ने कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री डी.के. शिवकुमार के घर व ठिकानों तथा रिश्तेदारों के घर पर पड़ी आयकर विभाग की छापेमारी मामले में केन्द्र सरकार की जमकर आलोचना की है और केंद्र सरकार पर बरसे | उन्होंने अपने ट्विटर पर इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह सारा नाटक राज्यसभा सीट को जीतने के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केन्द्र सरकार अपने राजनीतिक इरादे को पूरा करने के लिए अपनी प्रशासनिक शक्तियों का दुरूपयोग कर रही है। आज से पहले इस तरीके का प्रतिशोधात्मक काम नहीं किया गया था। अहमद ने आरोप लगाया है कि राज्य सभा की सीट को जीतने के लिए भाजपा न जाने और क्या-क्या हथकंडे अपनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात से कांग्रेस के विधायकों का भाजपा की ओर जाना शुरू हो चुका है | गुजरात की तीन राज्यसभा सीटो पर 42 विधायको को इगलटन रिजॉर्ट में रखा गया है ताकि सबों का एक मुश्त समर्थन लिया जा सके। साथ ही यह भी कहा कि ऊर्जा मंत्री के घर व उनके अन्य ठिकानों पर और उनके भाई के घर पर हुई आयकर विभाग की रेड से ना सिर्फ उन्हें निराशा हुई है बल्कि इगलटन रिजॉर्ट में रखे गए उन सभी कांग्रेसी विधायकों को भी निराशा व तकलीफ हुई है।