राष्ट्रीय
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया का इस्तीफा
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2017 5:22:11 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। नीति आयोग के गठन के बाद से उसके उपाध्यक्ष रहे अरविंद पनगढ़िया ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 31 अगस्त उनका अपने पद पर आखिरी दिन होगा।
आर्थिक उदारीकरण के पैरोकार माने जाने वाले प्रसिद्ध अर्थशास्त्री पनगढ़िया ने अपने इस्तीफे में तात्कालिक रूप से शिक्षा क्षेत्र में लौटने की बात कही है।
राजग सरकार के योजना आयोग समाप्त कर नीति आयोग बनाने के बाद पांच जनवरी 2015 को वह इसके उपाध्यक्ष बने थे। नीति आयोग का पूरा नाम नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर ट्रान्सफॉर्मिंग इंडिया है। इस बड़े थिंक टैंक के 8 सदस्य हैं, एक अध्यक्ष और सात सदस्य।
भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री अरविंद नीति आयोग के उपाध्यक्ष बनने से पहले कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रहे हैं। वह इससे पहले एशियाई विकास बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री रहे हैं। इसके अलावा वह वर्ल्ड बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व व्यापार संगठन और अंकटाड में भी काम कर चुके हैं।
प्रतिष्ठित प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल करने वाले पनगढि़या ने तकरीबन 10 किताबें लिखी हैं।