राष्ट्रीय
भारत-चीन सीमा बाड़ाहोती में ड्रैगन ने की घूसपैठ
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 9:02:08 PM गोपेश्वर, (हि.स.)। भारत-चीन सीमा बड़ाहोती में चीनी सैनिकों के प्रवेश की खबर से हड़कंप मचा है। हालांकि प्रशासन एवं पुलिस ने इस संबंध में 'नो कमेंट' कह कर घटना के बारें में जानकारी देने से इंकार किया। मगर गृह मंत्रालय ने उक्त घटना की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को चीनी सैनिक बाड़ाहोती में सीमा का उल्लघंन करते हुए आये। इनकी संख्या सौ से दो सौ के बीच बतायी गई। लगभग एक घंटा बाड़ाहोती के आसपास रहने के बाद फिर वापस चले गये। यह खबर अब तक सैन्य सुरक्षा के कारण प्रकाश में नहीं आई। मगर अब जब गृह मंत्रालय तक बाड़ाहोती में चीनी सैनिकों के प्रवेश की घटना चर्चा में आयी, तो हड़कंप मचना स्वाभाविक ही है। इधर चमोली के जिलाधिकारी आशीष जोशी और पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट इस संबंध में किसी भी जानकारी से इंकार करते हुए कहा कि इस संबंध में कोई भी टिप्पणी नहीं की जा सकती।
बताते चलें कि दो माह पूर्व बाड़ाहोती में दो चीनी हेलीकॉप्टरों के भी सीमा में प्रवेश करने की घटना प्रकाश में आयी थी। पांच मिनट तक वे दो हेलीकॉप्टर बाड़ाहोती की सीमा में आये और वापस चले गये थे। भारत के अधिकारियों का एक दल भी हाल ही में जब हमेशा की तरह बाड़ाहोती दौरे पर निकला था तो मलारी में भूस्खलन आने के कारण दौरे को रद्द किया गया था। डोकलांग में भारत-चीन संबंधों में आयी कड़वाहट के बाद इस सीमा पर भी चीनी सैनिकों की हरकत का अंदेशा लगाया जा रहा था।