राष्ट्रीय
मानसून सत्र: मॉब लीचिंग पर होगी सदन में चर्चा
By Deshwani | Publish Date: 31/7/2017 11:42:49 AMनई दिल्ली, (हि.स.)। संसद का मानसून सत्र करीब आधा गुजर चुका है। संसद में सोमवार को (मॉब लीचिंग) गोरक्षा के नाम पर भीड़ द्वारा पीटकर हत्या के मामले में चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर पक्ष, विपक्ष के बीच सहमति बन गई। लोकसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे दिन भर चलने वाली चर्चा की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी चर्चा में शामिल हो सकते हैं। वहीं, कांग्रेस ने राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए सोमवार को व्हिप जारी किया है। इसके अलावा कांग्रेस गुजरात में अपने विधायको के खरीद फरोख्त का सत्तापक्ष पर आरोप लगाकर हंगामा कर सकती है।
दरअसल राष्ट्रपति चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने गोहत्या रोकने के नाम पर हो रही हिंसा के खिलाफ ठोस कारवाई की जोरदार मांग की। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद संसद का राजनीतिक समीकरण काफी बदल चुका है। राजग दलों के अलावा तेलंगना राष्ट्र समिति (टीआरएस), वाईएसआर कांग्रेस पूरी तरह से भाजपा के साथ हैं।
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद एआइडीएमके अंदरुनी लड़ाई से जूझ रही है, लेकिन भाजपा के साथ दिख रही है। बीजू जनता दल भी सरकार के साथ ही दिख रहे हैं। कुछ छोटे दलों को छोड़ दें तो कांग्रेस, टीएमसी और वाम दल ही भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के खिलाफ खड़े नजर आते हैं।