राष्ट्रीय
गोयल की एएफआई को सलाह, चित्रा मामले में माने कोर्ट का निर्देश
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2017 4:56:23 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने भारत के एथेलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) को सलाह दी है कि लंदन में 4 अगस्त से होने वाले आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप में 1500 मी. दौड़ में पीयू चित्रा की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केरल उच्च न्यायालय के निर्देश का पालन करे।
गोयल ने इस मुद्दे पर एएफआई के अध्यक्ष आदली सुमारिला से बात की और उन्हें सलाह दी कि वे केरल उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देश का पालन करें। चित्रा को विश्व चैंपियनशिप में वाइल्ड कार्ड प्रविष्टि मिली है।
गौरतलब है कि भारतीय एथलेटिक्स संघ ने कमजोर प्रदर्शन की दलील देते हुए चित्रा को भारतीय एथलेटिक्स की टीम में शामिल नहीं किया था। जिसके बाद चित्रा के कोच एन.एस.सिजिन ने अदालत का रूख अख्तियार किया था।
जिसके बाद केरल उच्च न्यायालय ने शनिवार को केंद्र सरकार और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) को निर्देश दिया कि वे अगले महीने लंदन में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पीयू चित्रा का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करें।
न्यायमूर्ति पीबी सुरेश कुमार ने अंतरिम आदेश में सरकार, एएफआई और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को निर्देश दिया कि वे सभी इंतजाम किए जाएं जिससे आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप की 1500 मीटर दौड़ में चित्रा का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।