राष्ट्रीय
विपक्ष की आलोचना करना मोदी का ‘डीएनए’: कांग्रेस
By Deshwani | Publish Date: 26/6/2017 7:37:14 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका में विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना साधने पर पलटवार करते हुए विदेशों में जाकर मात्र सस्ती लोकप्रियता के लिए विपक्ष की आलोचना करना मोदी का ‘डीएनए’ में है। कांग्रेस के मीडिया प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पार्टी मुख्यालय में कहा कि मोदी को यह समझना चाहिए कि अब वह भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। विदेशों में जाकर मात्र सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए विपक्ष की आलोचना करना उनका ‘डीएनए’ बन गया है ।
सुरजेवाला ने कहा कि देश मोदी से भारत-अमेरिका सम्बन्धों से जुड़े मुद्दों के बारे में जानना चाहता है। जनता यह जानना चाहती है कि क्या मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एच1बी1 वीजा से जुड़ी उनकी नई नीति के बारे में कोई बात की है जिसके तहत वीजा कम होने से भारत के सूचना-प्रौद्योगिकी क्षेत्र के हजारों लोगों की नौकरियां छिन रही हैं और आईटी क्षेत्र की नौकरियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि मोदी ने रविवार को अमेरिका में कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा था कि पहले भ्रष्टाचार और बेईमानी की वजह से सरकारें बदली जाती रही हैं, लेकिन अब स्थिति बदल गई है और उनकी सरकार पर तीन साल के शासन में कोई दाग नहीं लगा है। मोदी ने वाशिंगटन में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि उनकी सरकार के तीन साल बेमिसाल रहे हैं।