राष्ट्रीय
गोमो फ्लाईओवर में दो और रेल सम्पर्क जोड़े जाएंगे : सुरेश प्रभु
By Deshwani | Publish Date: 23/6/2017 8:34:59 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने बताया कि गोमो रेलवे स्टेशन पर आधारभूत सुविधाओं को बढ़ाने और उन्हें उन्नत करने का निर्णय लिया गया है क्योंकि इस स्टेशन से अत्यधिक रेल आवागमन होने वाला है। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने निर्णय किया है कि पहले से स्वीकृत 250 करोड़ रूपये की लागत से गोमो में बनने वाले फ्लाईओवर में मतारी स्टेशन से दो और रेल सम्पर्क जोड़े जाएंगे ताकि धनबाद की तरफ से आने वाली रेलों को गोमो स्टेशन पर वापस भेजने से बचा जा सके।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में झरिया कोयला खान क्षेत्र में आग के कारण धनबाद-चन्द्रपुर रेल लाइन बंद होने पर वैकल्पिक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इससे दो अतिरिक्त रेल सम्पर्कों के साथ गोमो फ्लाईओवर निर्माण की कुल लागत 500 करोड़ रूपये होगी, जिसकी स्वीकृति दी जा चुकी है। गोमो स्टेशन पर इस फ्लाईओवर नेटवर्क के निर्माण कार्य को तेजी से करने का भी निर्णय लिया गया। रेल मंत्री ने इस क्षेत्र में यात्री और मालगाड़ी परिचालन में होने वाली समस्या को कम करने के उपाय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों के लाभ के लिए एक कार्य योजना बनाई जाए और इसे शीघ्रता से लागू किया जाए।
इसके अतिरिक्त तत्कालिक उपाय के रूप में रेल पीएसयू, राइट्स को केवल प्रभावित भागों का मार्ग परिवर्तित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने और रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया। इसके बाद नई आधारभूत संरचनाएं बनाने और लागू करने की उपयुक्त रणनीति बनाई जाएगी। स्थानीय मार्ग परिवर्तनों के कारण माल ढुलाई के व्यय की पूर्ति के लिए कोयला मंत्रालय से सम्पर्क किया जाएगा और यात्री तथा मालगाडि़यों के आवागमन के लिए स्थायी उपाय किये जाएंगे। शीघ्र भूमि अधिग्रहण और कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए जोनल रेल कार्यालय राज्य सरकार के साथ सम्पर्क करेगा।
रेल प्रशासन रेलों के अंतिम स्टेशनों की दूरी घटाने और मार्ग परिवर्तन द्वारा और अधिक संख्या में सवारी रेलगाडि़यां चलाने की संभावनाएं भी तलाश रहा है। बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ए.के. मित्तल, रेलवे बोर्ड के सदस्य ट्रैफिक मोहम्मद जमशेद और रेलवे बोर्ड के सदस्य इंजीनियरिंग आदित्य कुमार मित्तल और सीएमडी, राइट्स (रेलवे का सार्वजनिक उपक्रम) राजीव मेहरोत्रा ने भी भाग लिया।