राष्ट्रीय
केजरीवाल अपनी सरकार के कामकाज पर श्वेत पत्र जारी करें : विजेन्द्र गुप्ता
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2017 8:12:03 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि वह अपने कार्यकाल पर श्वेत पत्र जारी करें क्योंकि उनकी सरकार की राजनीतिक अक्षमता के कारण प्रशासन पूरी तरह से दिशाविहीन हो गया है। ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी में कभी भी हैजा, मलेरिया, डेंगू और अन्य जल जनित महामारी फैल सकती हैं।
नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अधिकारियों में खींचतान से दिल्ली का प्रशासन ठप हो गया है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री नौकरशाही पर उनके आदेशों का पालन न करने के आरोप लगा रहे हैं और नौकरशाही नियमों का हवाला देकर सरकार के अनावश्यक आदेशों से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर समस्या का राजनीतिकरण कर अपनी नाकामियों के लिए अधिकारियों, दिल्ली नगर निगमों, केंद्र सरकार और उपराज्यपाल को जिम्मेदार ठहराकर जनता के प्रति अपनी जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने इस मामले में उपराज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अभी मानसून ने दस्तक नहीं दी है लेकिन बरसाती नालों से गाद न निकलने के कारण जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। सरकार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने नालों की सफाई और विशेषकर कुशक नाला की सफाई के स्पष्ट आदेश दिए थे। जिसको अप्रैल 2017 तक साफ करने के लिए दिल्ली सरकार ने आश्वासन दिया था। दुखद यह कि अभी तक इसे साफ़ नहीं किया गया है। नालों की सफाई जनता के पैसे की बर्बादी और सरकारी भ्रष्टाचार का जरिया बन गया है।
गुप्ता ने कहा कि सरकार के मत्रियों पर भ्रष्टाचार के रोज नए आरोप लग रहे हैं। सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर बगैर किसी कारण सार्वजानिक रूप से आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि अनधिकृत बस्तियों में न तो पीने का साफ पानी उपलब्ध है, बल्कि जलभराव व जलजनित बीमारियों के कारण वहां के निवासी त्रस्त हैं।