राष्ट्रीय
राजनाथ ने की दार्जिलिंग व कश्मीर के हालात की समीक्षा
By Deshwani | Publish Date: 17/6/2017 3:25:43 PMनई दिल्ली, (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जारी हिंसा के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बंगाल के पहाड़ी जिलों में सुरक्षा की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। गृहमंत्री ने कश्मीर के हालात का भी जायजा लिया, जहां अनंतनाग जिले में आतंकवादियों ने पुलिस दल पर घात लगा कर हमला किया। इस हमले में छह पुलिसकर्मी मारे गए थे। इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने स्थिति सामान्य करने के लिए और जवानों को दार्जिलिंग भेजने पर रोक लगा दी क्योंकि राज्य सरकार ने वहां की स्थिति पर अपनी रिपोर्ट अभी तक नहीं भेजी है।
दार्जिलिंग में प्रदर्शन की अगुआई करने वाले गोरखा जनमुक्ति मोर्चा और भाजपा ने गृह मंत्री से मुलाकात कर केन्द्र से हस्तक्षेप की मांग की थी।
सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान गृह मंत्री को दार्जिलिंग में कानून व्यवस्था की जानकारी दी गई। बैठक में केन्द्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।