राष्ट्रीय
योगी शासन में प्रदेश विकास की राह पर : सिद्धार्थ नाथ सिंह
By Deshwani | Publish Date: 11/6/2017 5:29:13 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इस बात पर अफसोस जताते हुए कहा कि सामाजिक सूचकांक में उत्तर प्रदेश बंगलादेश और अफ्रीका से भी पीछे है। सामाजिक क्षेत्र में खराब स्थिति को देखते हुए इसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्य में तब्दील करने पर काम चल रहा है।
सिंह ने रविवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र में कार्य प्रारम्भ कर दिया है और प्रदेश विकास की तरफ अग्रसर है।
हाल में नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में आयोग की 18 सदस्यीय टीम ने राज्य का दौरा किया था। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सामाजिक विकास की कार्ययोजना पर विचार -विमर्श किया। आयोग ने इस दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण, पेयजल, साफ-सफाई औद्योगिकीकरण, व्यापार में सुगमता तथा कृषि जैसे क्षेत्रों पर अपनी योजना पेश की।
स्वास्थ्य मंत्री सिंह ने बताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए छह सदस्यीय समूह बनाया गया है। इसमें तीन सदस्य आयोग के और तीन राज्य सरकार के हैं। अमिताभ कांत, प्रोफेसर रमेश चंद्रा के अलावा राज्य के मुख्य सचिव तथा प्रधान सचिव शामिल हैं। इस समूह ने ‘आगे का रास्ता‘ विषय पर अपने सुझाव दिये हैं।