ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगातदेश की संस्कृति का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को प्रधामंत्री ने संर्जक पुरस्कार से सम्मानित किया'दंगल' फेम सुहानी भटनागर की प्रेयर मीट में पहुंचीं बबीता फोगाट
राष्ट्रीय
सिलचर शहर में हिंसा के बाद दूसरे दिन भी तनाव
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 1:52:54 PM
सिलचर शहर में हिंसा के बाद दूसरे दिन भी तनाव

सिलचर, (हि.स.)। असम के बराक घाटी में मंगलवार की देर शाम 6.30 बजे दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट के बाद बुधवार को दूसरे दिन भी तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में सीआरपीएफ व पुलिस को तैनात किया गया है। शहर में धारा 144 लागू है। स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में बताई गई है।
  घटना के अनुसार एक लड़की को एक दूसरे समुदाय का लड़का लेकर भाग गया था। लड़की के परिजनों ने सिलचर सदर थाने में अपहरण का एक मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। पुलिस ने लड़की को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे चार दिनों के लिए सुधार गृह में भेज दिया गया। सूत्रों ने बताया कि लड़की को मंगलवार को न्यायालय में पुनः पेश किया जाना था, लेकिन शहर के हालात तनावपूर्ण देख कछार पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय से स्थिति सामान्य होने तक लड़की को न्यायालय में पेश करने से छूट की मांग की थी। इस घटना को लेकर पूरे शहर में कई दिनों से तनाव बना हुआ था। संभवतः सिलचर शहर या न्यायिक व्यवस्था में यह पहला मामला होगा जब कछार सीजेएम कोर्ट में एक समुदाय के लगभग 50 अधिवक्ताओं ने न्यायाधीश पर दबाव बनाते हुए लड़की और लड़का को छोड़ने और उन्हें पति-पत्नी के रूप में रहने की अनुमति देने की मांग की।
  घटना की जानकारी मिलते ही दूसरे समुदाय के भी काफी संख्या में अधिवक्ता कोर्ट परिसर में पहुंचकर इसका विरोध किया। सूत्रों ने बताया है कि लड़की बालिग है। साथ ही उसने पुलिस के सामने बयान दिया कि उसे भगाया नहीं गया, बल्कि वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ गई है। जबकि लड़की के परिजनों का कहना है कि वह दबाव में बयान दी है। कोर्ट परिसर में कुछ लोग इस मामले का वीडियो बनाते देखे गए, जिसके चलते कुछ लोगों ने वीडियो बनाने वाले लड़कों की पिटाई कर दी। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होने लगी। देर शाम को 6.30 बजे के आसपास शहर के मधुरबंद (चमड़ा गोदाम) इलाके से एक समुदाय के सैकड़ों युवक पहुंच गए और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने शहर के कई इलाकों में जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों को समझाने पहुंचे सोनाई के स्थानीय विधायक अमिनूल इस्लाम लस्कर पर भी हमला किया गया। हमले में विधायक का एक साथी और एक अंगरक्षक बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हमले में विधायक भी घायल हो गए। उपद्रवियों ने एक ऑटो रिक्शा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि एक ऑटो को आग के हवाले कर दिया। वहीं विधायक की गाड़ी को भी उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवियों को तितर-बितर करने करने के लिए पुलिस ने दस राउंड से अधिक हवाई फायरिंग की।
  कछार जिला प्रशासन ने पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दिया है। साथ ही एक स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी लगा दी गई है। मधुरबंद (चमड़ा गोदाम) इलाके से आए सैकड़ों युवकों ने सिलचर शहर के जानीगंज, न्यू मार्केट, फाटक बाजार चमड़ा गोदाम इलाके में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उपद्रवियों ने दुकानों के शटर को तोड़कर उसे लूटने की कोशिश की। जिला प्रशासन ने हालात बेकाबू देखते हुए पूरे इलाके में सीआरपीएफ, पुलिस को तैनात कर दिया। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की।
  शहर के तनावपूर्ण माहौल में आग में घी डालने का काम इमदाद हुसैन नामक एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ पोस्ट किए जाने के चलते भी हुआ। पोस्ट में उसने कहा कि लड़के और लड़की का विवाह पूरी तरह से सही है। इसको रोकने वाले जबरदस्ती टांग अड़ा रहे हैं। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हुसैन ने लिखा है कि बजरंग दल और अन्य राज्यों से आए हिंदीभाषी लोगों का हुक्म यहां नहीं चलने वाला है। जैसे ही लोगों को इस पोस्ट की जानकारी मिली दोनों समुदायों में तनाव फैलने लगा। शाम होते-होते शहर में उपद्रव फैल गया। इमदाद के विरुद्ध सिलचर सदर थाने में नौ मामले दर्ज हैं। लेकिन पुलिस अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वह फरार बताया गया है। शहर के तनाव वाले इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS