राष्ट्रीय
घायल 6 किसान उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लाए गए
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 1:05:02 PMइन्दौर, (हि.स.)। मंदसौर में किसानों के आंदोलन के दौरान जहां 6 किसानों की मौत हो गई वहीं कई किसान घायल भी हो गए, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 6 किसानों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मंदसौर से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर घायल किसानों के उपचार के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मंगलवार को मंदसौर में नीमच रोड़ पर किसानों ने चक्काजाम कर दिया था और इस दौरान ट्रकों और अन्य वाहनों में आग लगा दी गई। पुलिस ने जब उपद्रव्य कर रहे किसानों को रोकना चाहा तो पथराव हो गया। इसके बाद हुई फायरिंग में 6 किसान मौत का शिकार हो गए थे, वहीं कुछ घायल भी हुए। घायलों में सुरेन्द्र पिता ओंकारसिंह (35) निवासी पिपलिया मंडी, अमृत पिता ईश्वरसिंह (19), मुरली वर्धाजी (40) जितेन्द्र पिता सज्जनसिंह (23), दशरथ पिता उदय (38) और 18 साल के ईश्वरसिंह निवासी नारायणगढ़ को हालत गंभीर होने पर एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है।