मुजफ्फरपुर
निगम के जलापूर्ति पंप खराब होने से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं लोग
By Deshwani | Publish Date: 20/2/2018 12:35:34 PMमुजफ्फरपुर। अभी गर्मी ने दस्तक भी नहीं दी है और शहर पेयजल संकट से जूझने लगा है। एक सप्ताह से निगम के चार जलापूर्ति पंप खराब हैं। आपूर्ति बाधित होने से 25 हजार की आबादी पेयजल संकट का सामना कर रही। पशुपालन कार्यालय परिसर, सरकारी बस स्टैंड, सिकंदरपुर व वाणिज्य महाविद्यालय परिसर स्थित पंप खराब हैं।
इन पंपों के खराब होने से उनके अधीन आनेवाले मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोग आसपास स्थित चापाकलों से पानी की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। वार्ड 11 में पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। निगम प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में नगर आयुक्त संजय दुबे ने अविलंब खराब पंप को ठीक कराने का निर्देश दिया है। निगम की जलकार्य शाखा ने दावा किया है कि सोमवार देर शाम बाद आपूर्ति बहाल कर ली जाएगी। समस्या हल होने तक प्रभावित क्षेत्रों मे टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है।