मुजफ्फरपुर
दिनदहाड़े चली गोलियां, इलाके में दहशत
By Deshwani | Publish Date: 21/12/2017 6:30:27 PMमुजफ्फरपुर, (हि.स.)। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। करीब डेढ़ घंटे तक चली फायरिंग की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 100 राउंड की फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा। गोलीबारी की सूचना मिलते ही मौके पर कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई लेकिन इसके बावजूद रुक-रुक फायरिंग होती रही। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मगर, इसके पीछे राजद के बंद समर्थक पर हमला करने की बात भी सामने आ रही है। फायरिंग में एक व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।
बताया जा रहा कि बंद समर्थक राजद कार्यकर्ता को राजा ठाकुर नामक व्यक्ति ने पीट दिया था। इलाके में राजा की आपराधिक छवि रही है, हाल ही में वो जेल से बाहर निकला है। अपने समर्थक की पिटाई से आक्रोशित राजद कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों ने राजा ठाकुर के घर पर हमला बोल दिया। इसके बाद राजा ठाकुर के घर से राजद समर्थकों पर फायरिंग शुरू कर दी गई। थोड़ी देर में दोनों ओर से फायरिंग के साथ-साथ पत्थरबाजी होने लगी तथा बम भी फेंके गए। इस मामले में एक व्यक्ति की गोली से घायल होने की भी बात सामने आई है। इस दौरान प्रेस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया और खुलेआम पिस्टल लहराए गए।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह के आदेश पर एसडीओ पूर्वी सुनील कुमार नगर डीएसपी आशीष आनंद समेत कई थाने की पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया मगर रुक-रुक कर हो रही फायरिंग से पुलिस भी राजा ठाकुर के घर की ओर नहीं जा पा रही थी। काफी मशक्कत के बाद जिस घर से फायरिंग हो रही थी उस घर के दरवाजे को तोड़कर घर में पुलिस घुसी और पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पूर्व पुलिस को लाठी चार्ज और फायरिंग भी करनी पड़ी। गोली लगने के बाद घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया है।