मुजफ्फरपुर
नगर विकास मंत्री सह स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश शर्मा पहुंचे मुजफ्फरपुर, बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2017 11:14:37 AMमुजफ्फरपुर, (हि.स) | नगर विकास मंत्री सह स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश कुमार शर्मा ने शहर के सिकंदरपुर बांध पर जाकर बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। इस दौरान मंत्री ने यहां शरण लिए लोगों के लिए प्रकाश की व्यवस्था और पीने के लिए टैंकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, एसएसपी विवेक कुमार व नगर आयुक्त रमेश प्रसाद रंजन भी मौजूद थे। बांध पर खुले आसमान के नीचे रह रहे लोगों के लिए उन्होंने अविलम्ब तिरपाल लगाने को कहा। बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने सिकंदरपुर स्टेडियम व लकड़ीढाई में दो किचेन शेड बनाने का भी निर्देश दिया। अधिकारियों ने मंत्री को तुरंत व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि बाढ़ पीड़ितों को हर हाल में पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने नदी के तट व स्लुइस गेट का लगातार निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान वार्ड पार्षद विकास सहनी के साथ ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मौके पर स्थानीय लोगों ने मंत्री से शिकायत की कि उन्हें अभी तक भोजन सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसपर उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द चूड़-गुड़ सहित तैयार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार और प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के साथ है।