मुजफ्फरपुर
पार्टी के भीतर भी जातिवाद करते हैं नीतीश: अर्जुन राय
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 5:27:56 PMमुजफ्फरपुर, (हि.स.) | पूर्व जदयू सांसद और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अर्जुन राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जुबानी हमला करते हुए उन पर पार्टी के भीतर भी जातिवाद करने का आराेप लगाया है। नीतीश कुमार ने सभी महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जाति के लोगों को बैठा रखा है।
शहर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में नीतीश पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए अर्जुन राय ने कहा कि जदयू शरद यादव की पार्टी है। गौरतलब है कि जार्ज फर्नांडिस की समता पार्टी और शरद यादव की जनता दल के विलय के बाद जदयू का गठन हुआ था और जार्ज फर्नांडिस उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। उस समय नीतीश किसी पद पर नहीं थे ।
अर्जुन राय ने नीतीश कुमार के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि नीतीश कुमार पार्टी संविधान के मुताबिक निर्वाचित अध्यक्ष नहीं हैं। गौरतलब है कि महागठबंधन टूटने के बाद शरद यादव के खेमे में चले जाने के बाद अर्जुन राय जदयू से निलंबित चल रहे हैं।