जरूर पढ़े
मोरारी बापू के साथ सीएम ने भी लगाए शौर्य स्मारक पर पौधे
By Deshwani | Publish Date: 4/4/2017 4:22:56 PM भोपाल। लाल परेड मैदान पर राम कथा सुना रहे संत मोरारी बापू ने मंगलवार को राजधानी के शौर्य स्मारक पर पौधे लगाए। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे और उन्होंने भी पौधे लगाकर अपना संकल्प पूरा किया।
उल्लेखनीय है कि मोरारी बापू ने राम कथा के दौरान जनमानस को पर्यावरण संरक्षण और नशे के खिलाफ उठ खड़े होने का संकल्प दिलाया था। इस दौरान बापू ने कहा था कि वे रामनवमीं पर वे स्वयं भी 11 पौधे रोपेंगे। उसी के अनुसार उन्होंने रामनवमीं से एक दिन पहले पौधे लगाए।
लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर राम कथा सुना रहे संत मोरारी बापू ने कथा के तीसरे दिन उपस्थित श्रोताओं को दो संकल्प दिलाए थे। इनमें से एक यह संकल्प तो नशा छोड़ने का था और दूसरा संकल्प यह था कि सभी लोग शहर के पर्यावरण की सुरक्षा के लिए रामनवमीं पर एक पौधा अवश्य लगाएं। इस दौरान कथा में उपस्थित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संकल्प लिया था कि बापू जहां कहेंगे, उस जगह पर वे 11 पौधे अपने हाथ से लगाएंगे। इसीलिए मंगलवार को जब संत मोरारी बापू ने पौधे लगाने की इच्छा जताई, तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी उनके साथ पौधे रोपें।