बिहार
पिटाई से हुई बच्ची की मौत, शव के साथ थाने पर प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 16/5/2017 8:03:15 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
नगर थाना क्षेत्र के बेलबनवा मुहल्ले में शौच को लेकर विवाद में बुरी तरह घायल बच्ची ने आखिरकार मंगलवार को इलाज के दाैरान दम तोड़ दिया। बता दें कि विवाद में बच्ची की बुरी तरह पिटाई की गई थी, इसके बाद से वह सदर अस्पताल में भर्ती कराई गई थी। इधर इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ नगर थाना गेट पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि दबाव में पुलिस उनका केस दर्ज नहीं कर रही थी। हालांकि बाद में केस दर्ज कर लिया गया। इसके बाद परिजन शव को लेकर चले गए। जानकारी के अनुसार बेलबनवा निवासी िबल्टू सहनी की दाे वर्षीया पुत्री महिमा कुमारी पिछले दिनों जवाहिर सहनी की चाय दुकान के पीछे शौच करने गई थी। यह देख जवाहिर, नवल व संगीता देवी ने बच्ची की खदेड़कर बुरी तरह पिटाई कर दी थी। इधर पुलिस ने मामले की एक आरोपित संगीता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।