बिहार
मधुबन में ढोंगी बाबा ने प्रसाद में नशा मिला खिलाया, फिर घर में की लूटपाट
By Deshwani | Publish Date: 21/11/2017 7:04:02 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
मधुबन के नवरंगिया टोला डीह गांव में सोमवार की रात्रि पूजा-पाठ कराने आये तांत्रिक ने घरवालों को प्रसाद खिलाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद घर में रखी हुई छह पेटियों को तोड़कर सारा सामान निकालकर वह भाग निकला। मंगलवार की सुबह घरवालों के नहीं जगने पर ग्रामीणों ने घर में जाकर देखा तो छह लोग बेहोश पाये गये। जिन्हें मधुबन पीएचसी में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों में जीअन मुखिया (50),शनिचरी देवी(45),सलोम कुमार(14),रानी कुमारी(17),संजू देवी(25) व मालती देवी(21) शामिल हैं। सभी अभी बेहोशी की हालत में हैं। ग्रामीणों के अनुसार पीड़ितों के घर आया तांत्रिक स्वयं को मुजफ्फरपुर जिले के बनघारा गांव का निवासी बता रहा था। पीड़ित के अनुसार तांत्रिक प्रसाद के रूप में आटे की गोली बनाकर दी। उसे खाने के बाद सभी बेहोश हो गये। अन्य सदस्यों के होश में आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पायेगी। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ितों को अस्पताल में जाकर देखा गया है। होश में आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।