मोतिहारी
अब जिलास्तरीय टीम करेगी फसल क्षति सर्वे की जांच, गड़बड़ी पर नपेंगे कृषि सलाहकार
By Deshwani | Publish Date: 16/9/2017 6:36:23 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जिले में चल रहे फसल क्षति सर्वे की जिला स्तरीय टीम करेगी। यह टीम क्रॉस चेकिंग करेगी। जांच में फसल क्षति सर्वे रिपोर्ट में गड़बड़ी पाये जाने पर किसान सलाहकार को चयन मुक्त किया जा सकता है। इस आशय का निर्देश डीएम रमण कुमार द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया है। यहां बता दें कि विगत एक सप्ताह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में खरीफ फसल क्षति का सर्वे किया जा रहा है। मालगुजारी रसीद के अभाव में किसान फसल क्षति सर्वे से वंचित नहीं रह जाएं, इसको लेकर अभी और एक हफ्ते तक फसल क्षति सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। फसल क्षति सर्वे कार्य चलता रहेगा व जिला स्तरीय टीम इस अवधि में क्रॉस चेकिंग भी जारी रखेगी। जानकारी डीएओ डॉ. ओंकारनाथ सिंह ने शुक्रवार को दी। बताया कि अब वर्ष 2014-15 की पुरानी मालगुजारी रसीद भी मान्य होगी। इसके पूर्व सिर्फ 15-16 व 16-17 का मालगुजारी रसीद लेने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के किसान फसल क्षति इनपुट अनुदान से वंचित नहीं हों, इसके लिए एक हफ्ते और फसल क्षति सर्वे की तिथि बढ़ा दी गयी है। बताया कि फसल क्षति सर्वे रिपोर्ट की जांच के बाद किसानों को इनपुट अनुदान का भुगतान किया जाएगा।