बिहार
मोतिहारी में बाढ़ राहत में गड़बड़ी पर फूटा पीिड़तों का आक्रोश, जगह-जगह लगाया जाम
By Deshwani | Publish Date: 26/8/2017 5:59:58 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पूर्वी चंपारण में आज कई जगह राहत सामग्री नहीं बांटे जाने और वितरण में अनियमिततता के विरोध में प्रदर्शन और सड़क जाम किया गया। रामगढ़वा में शहीद अरविंद पाण्डेय पेट्रोल पंप के समीप शिवनगर, चम्पापुर,रामगढवा पंचायत के बाढ़ पीड़ितों व भलुअहिया गांव के समीप धनहर दिहुली पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने शनिवार को एनएच जाम किया। आवागमन को पूर्ण रूप से ठप्प किया। इनकी मांग बाढ़ राहत व पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करना है। उधर, ढाका प्रखंड के रक्सा रहीमपुर गांव के लोगों ने शनिवार को बाढ़ राहत सामग्री कम मात्रा में दिये जाने का आरोप लगाते हुए ढाका घोड़ासहन पथ को करीब एक घंटे तक जाम रखा। ग्रामीणों का कहना था कि राहत सामग्री की मात्रा कम तथा कई सामग्री नहीं है। जाम की सूचना पर एसडीओ ने पहुंचकर लोगों को समझाया तथा निर्धारित मात्रा में सभी सामान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिये जाने के बाद जाम समाप्त हुआ। ऐसे ही, बाढ़ राहत सामग्री नहीं मिलने तथा बाढ़ जनित रोगों की रोकथाम के लिए समुचित व्यवस्था नही होने से चिरैया प्रखंड के नाराज हरनरैना गांव के लोगों ने शनिवार को शिकारगंज चौक पर ढाका-पकड़ीदयाल रोड को जाम कर यातायात को ठप कर दिया। बाद में शिकारगंज थानाध्यक्ष की पहल पर जाम खत्म हुआ ।