मोतिहारी
बिहार में अब सुशासन राज, विकास को मिलेगी तेज गति: राधामोहन
By Deshwani | Publish Date: 6/8/2017 9:31:08 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
बिहार में एनडीए की सरकार आने के बाद बिहार के विकास गति को तेजी मिलेगी। इस बार नीतीश के नेतृत्व में बनी एनडीए फेज-1 से भी तेज विकास होगा। केंद्र व राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार का फायदा बिहार को सर्वाधिक होगा। केंद्र की एनडीए सरकार राज्य के चतुर्दिक विकास के लिए हर प्रकार की सहायता देगी। केंद्रीय कृषि सह किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने रविवार को एक प्रेस वार्ता में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश जीरो टालरेंस रखना चाहते हैं। यहीं विचार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी है। जिसे बिहार की जनता ने कई अवसरों पर देखा भी है। जदयू महागठबंधन में राजद के साथ था, लेकिन नीतीश ने प्रधानमंत्री के काले धन के खिलाफ नोटबंदी के फैसले का समर्थन किया। बेनामी संपति के खिलाफ केंद्र की मुहिम का भी नीतीश ने बिना समर्थन किया। राष्ट्रपति चुनाव में में भी गठबंधन के लाईन से इतर उन्होंने एनडीए प्रत्याशी रामनाथ कोंविद का समर्थन किया।
केंद्रीय मंत्री कहा कि भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश को महज 22 माह में ही महागठबंधन में घुटन महसूस होने लगी। इस कारण महा गठबंधन टूटा। जब गठबंधन के मुख्य घटक दल पर ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे, इसके बाद उन्हें भी यह लगने लगा कि भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दे पर वह एनडीए के साथ सहज पहले भी थे, आगे भी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों दल बिहार में एक बार फिर सुशासन को स्थापित कर तेज विकास के पथ पर प्रदेश को ले जाएेंगे। इसकी शुरुआत बिहार में हो गई है। करीब 20 सालों के बाद बिहार व केंद्र में एक दल की सरकार है, जिसका सीधा फायदा बिहार को मिलेगा।