बिहार
रक्सौल के सुन्दरपुर के रिहायशी इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, बढ़ा संकट
By Deshwani | Publish Date: 5/8/2017 8:05:32 PMरक्सौल। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नेपाल से आने वाली नदियाँ उफान पर है। शहर के पास से गुजरने वाली सरिसवा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने के कारण बाढ़ का पानी नगर परिषद् क्षेत्र में घुस गया है। नगर परिषद् क्षेत्र के वार्ड नंबर 4, वार्ड नंबर 5, भकुआ ब्रहम स्थान, गांधी नगर के इलाके में बाढ़ का पानी का सड़क के उपर से बह रहा है। शुक्रवार की शाम को ही सरिसवा नदी का पानी सुंदरपुर के सभ्यता नगर के रिहायशी इलाके में घुस गया व डंकन रोड में आ गया था। पानी भारतीय दूतावास परिसदन व सुंदरपुर स्थित कुष्ठ आश्रम में भी प्रवेश कर गया है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इधर, शहर के साथ-साथ तिलावे नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से प्रखंड क्षेत्र के पीपरीया, गदइया टोला, ढठवा टोला, जानकी टोला, बहुअरवा, पुरंदरा, आनंदीगंज के गांव तक नदी का पानी चला गया है, हालांकि शुक्रवार से सामचार लिखे जाने तक नदी का जलस्तर एक सा बना हुआ है, इसमें कोई इजाफा नहीं हो रहा है। लोगों का मानना है कि यदि नेपाल के पहाड़ी इलाकों में बारिश होती है तो नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं सरेह में पानी लग जाने से किसानों की सैकड़ों एकड़ में लगी फसल पानी में डूब गयी। एसडीओ श्रीप्रकाश ने बताया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है। नेपाल के पहाड़ी इलाको में बारिश के कारण नेपाल से आने वाली सरिसवा, तिलावे, बंगरी, मरलहिया, गाद व धुतहा नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है।