बिहार
मोतिहारी के पताही में 25 हजार का इनामी नक्सली सुरेश धराया, कई कांडों में स्वीकारी संलिप्तता
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 5:50:33 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पताही पुलिस ने थाना क्षेत्र के नूनफरवा गांव में गुरुवार की रात छापेमारी कर पच्चीस हजार के इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली गांव का निवासी सुरेश बैठा है। उससे पुलिस पताही थाना में गहन पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार नक्सली हत्या, लूट एवं डकैती एवं नक्सली वारदात सहित कुल 14 कांडों में आरोपित है। जिसमें पताही थाना क्षेत्र में वर्ष 1999 में चंपापुर गांव निवासी डीलर दुखन राम की हत्या, वर्ष 2004 में परसौनी कपूर गांव निवासी लक्ष्मी सिंह के घर पर डकैती कर बंदूक लूट, वर्ष 2005 में बोकानेकला गांव में चौकीदार पारस के साथ मारपीट कर घायल करने, वर्ष 2005 में विधानसभा चुनाव के दौरान राजद कैंप पर हमला कर कैंप व वाहन को जलाने आदि कांडों में शामिल है। साथ ही शिवहर के कांड संख्या 91/ 2003 ,राजेपुर कांड संख्या 61/ 2001 एवं 77/ 2007, पकड़ीदयाल कांड संख्या 26/ 2002 मधुबन धमाका कांड संख्या 88, 89,90,91/ 2005 एवं तुरकौलिया कांड संख्या 193/ 2002 शामिल है। गिरफ्तार नक्सली मधुबन धमाका, राजेपुर एवं तुरकौलिया में दर्ज कांडों में जेल जाकर बेल करा चुका हैं। जबकि पताही, शिवहर, पकड़ीदयाल आदि कांडों में वर्षों से फरार चल रहा था। जिसको लेकर पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। गिरफ्तार नक्सली वर्तमान में जय गुरुदेव का सदस्य बनकर संस्था का प्रचार- प्रसार कर रहा था। उससे अभियान एसपी एसएस गौतम ने भी पताही थाने पहुंचकर गहन पूछताछ की है। पूछताछ के दौरान उसने कोई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। साथ ही अपने कई सहयोगियों के नाम का भी खुलासा किया है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी में थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, दरोगा दुलारचंद राम, वीरेंद्र राय, राम बिहारी पांडे, गंगा दयाल ओझा, सहित सैप जवान शामिल थे।