बिहार
9 अगस्त को सरकार बदलो शिक्षा बदलो सम्मेलन, जापलो की प्रदेश कार्यकारिणी गठित
By Deshwani | Publish Date: 19/7/2017 6:21:41 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अखलाक अहमद ने कहा है कि पार्टी जनता के मुद्दों पर संघर्ष करेगी। आज पटना में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और राज्य कार्यकारिणी की सूची जारी करते हुए उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार में राज्य की स्थिति बदहाल हो गयी है। जन अधिकार पार्टी ही राज्य में असली प्रतिपक्ष की भूमिका का निर्वाह करेगी। श्री अहमद ने पार्टी के संगठनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी 20 जुलाई से 30 अगस्त के बीच पंचायत स्तर तक कमेटी गठित करेगी। पार्टी 9 अगस्त को सरकार बदलो शिक्षा बदलो सम्मेलन का आयोजन करेगी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक एवं सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव आंदोलन की शुरुआत करेंगे।
श्री अहमद ने पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी की। प्रदेश पदाधिकारी और राज्य कार्यकारिणी की जारी सूची के अनुसार, नवादा निवासी राजीव कुमार सिन्हा (पूर्व जिला पार्षद) को प्रदेश प्रधान महासचिव बनाया गया है। श्याम सुंदर यादव को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में पूर्व विधायक मो. रुकुमुद्दीन, जवाहर प्रसाद सिंह, गुरुदेव पोद्दार, प्रमोद नारायण सिंह, अशोक यादव, युगेश्वर राय एवं हरिहर प्रसाद गुप्ता को मनोनीत किया गया है। कार्यकारिणी की सूची के अनुसार, 30 प्रदेश महासचिव, 34 प्रदेश सचिव तथा 33 राज्य कार्यसमिति के सदस्य मनोनीत किये गये हैं। कार्यसमिति में पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव समेत 12 आमंत्रित सदस्य भी हैं। पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद, राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह, राजेश रंजन पप्पू, राघवेंद्र कुशवाहा, राजीव कुमार सिन्हा, अकबर अली, गौतम आनंद आदि मौजूद थे।