बिहार
सड़क हादसे में युवक की मौत से भड़का आक्रोश, एनएच जाम, आगजनी
By Deshwani | Publish Date: 18/7/2017 7:10:30 PMरक्सौल। अनिल कुमार
रामगढ़वा थानाक्षेत्र के बहुअरी किशन टोली निवासी 30 वर्षीय मनोज साह की सड़क हादसे में मौत से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को स्टेट बैंक के पास टायर जलाकर जाम कर दिया। यह घटना रामगढ़वा पखनहिया रोड में हसनपुरा के पास सुबह 6.30 बजे की बतायी जाती है। नाराज परिजनों सहित ग्रामीणों ने स्थानीय डा. रेयाजुल हक के निजी अस्पताल के पास भी हंगामा किया। लोगों का कहना था कि मोटरसाइकिल सवार जिसे हल्की चोट आई थी। उसका इलाज डा. हक कर रहे थे, जिसे इन्होंने भगा दिया। मोटरसाइकिल का निबंध संख्या BR05M / 7418 है, जिसे ग्रामीण घेरे हुए हैं। मोटरसाइकिल चालक रक्सौल थानाक्षेत्र के गाद सिरिसिया का निवासी बताया जाता है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह मनोज साइकिल से पखनहिया जा रहे थे कि तेज गति से आ रही अपाची मोटरसाइकिल सवार ने ठोकर मार दी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें डंकन अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गयी। मौत की खबर सुनते ही लोग सड़क पर आकर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया। जाम करीब एक घंटे तक रहा लोग मुआवजा की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि इसे दो छोटे - छोटे बच्चे व उसकी पत्नी की परवरिश की व्यवस्था होनी चाहिए। विशाल कुमार, पंसस ओमप्रकाश पासवान, नीलू सिंह, प्रदीप सिंह ,श्रवण साह , सुपनेखा देवी , ढेला साह , इब्राहिम हवारी आदि लोग उग्र लोगों को समझाने में लगे हुए थे। रक्सौल इंस्पेक्टर उग्रनाथ झा, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, कुमार रोशन आदि द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
परिवार पर टूटा विपत्ती का पहाड़, अकेला कमाउ सदस्य था मनोज
रामगढ़वा : मनोज की पत्नी पानमती ने मंगलवार का दिन अमंगल साबित हो गया। उनका पति हमेशा के लिए उनसे छीन गया। अपने पीछे तीन बच्चे, जिसमें दो लड़का व एक लड़की छोड़ गये मनोज अपने परिवार के एकलौते कमाउ सदस्य थे। उनके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी है। मृतक मनोज के भाई विनोद साह ने बताया कि मनोज अपने परिवार का गार्जियन था। इस घटना के बाद से उसके परिवार के सामने अब भरणपोषण की समस्या आ गयी है। पत्नी व छोटे-छोटे बच्चो का रो-रो कर बुरा हाल है। पति को याद कर बिलख रही पत्नी बार-बार बेहोश रही थी, जिसको गांव के लोग सांत्वना दे रहे थे।