बिहार
ठेकेदार जीतेंद्र ठाकुर के दो हमलावरों ने कोर्ट में किया सरेंडर, मई में की थी फायरिंग
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2017 8:34:55 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
नगर थाना क्षेत्र के श्रीकृष्ण नगर मोहल्ले में मई माह में भवन निर्माण विभाग के ठेकेदार जीतेंद्र ठाकुर पर हमले के आरोपी दो बदमाशों ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वाले बदमाश सुगौली के लाल परसा निवासी अवनीश सिंह व संजीव सिंह बताए जाते हैं। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं। बता दें कि अज्ञात अपराधियों ने थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर भवन निर्माण विभाग के ठेकेदार श्री ठाकुर को गोली मारकर बुरी तरह घायल कर दिया था। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मटियरिया के रहने वाले ठेकेदार जितेंद्र ठाकुर श्रीकृष्ण नगर में रहते हैं। वे घटना के दिन ऋषि सिंह के साथ सुबह में वो बात कर रहे थे, इसी बीच बाइक सवार 4 नकाबपोश अपराधियों ने पीछे से जितेंद्र ठाकुर को गोली मार दी थी। गोली लगते ही जीतेंद्र ठाकुर गिर पड़े। इस घटना को देख कुछ आगे बढे ऋषि सिंह हड़बड़ा कर भागने के दौरान जख्मी हो गए थे। इस दौरान घटनास्थल से खोखा भी बरामद हुआ था। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने 7 मई को मुकेश सिंह व अमित सिंह को पकड़ा था। इन दोनों ने अवनीश व संजीव के नामों का खुलासा किया था। इसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाना शुरू किया था। अंतत: दोनों ने सीजेएम की अदालत में सरेंडर कर दिया।