बिहार
आपातकाल वालों के साथ हैं तो दिख रहा अघोषित आपातकाल: सीमा
By Deshwani | Publish Date: 5/7/2017 7:13:08 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष सीमा सक्सेना ने कहा कि महागठबंधन में शामिल एक घटक दल के प्रमुख बयान दे रहे हैं कि इन दिनों देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए ऐसा दिखना स्वाभाविक भी है, क्योंकि उन्होंने जिस घोषित आपातकाल का विरोध किया था, आज उन्हीं के साथ गठबंधन करके बिहार सरकार में शामिल हैं। सीमा सक्सेना ने कहा कि जिन्होंने देश में आपातकाल लागू किया, उसके साथ महागठबंधन बनाने वाली पार्टी और नेताओं को न जाने किस तरह से अघोषित आपातकाल नज़र आ रहा है?
रालोसपा महिला अध्यक्ष ने कहा कि ये अजीब बात है कि देश में विकास हो रहा है, विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ रहा है, दुनिया भर के देश भारत की ओर उम्मीद के साथ देख रहे हैं, दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, फिर भी केंद्र की एनडीए सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सकारात्मक और रचनात्मक होनी चाहिए, खुद महागठबंधन के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री हाल ही में बयान दे चुके हैं कि विपक्ष का मतलब सिर्फ विरोध करना नहीं होता। सीमा सक्सेना ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कम से कम महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं को अपनी सरकार के मुखिया के बयान का सम्मान तो करना चाहिए। रालोसपा नेता ने कहा कि महागठबंधन सरकार और इसके घटकों को बिहार के विकास पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए क्योंकि जनता ने उसे इसी के लिए जनादेश दिया है, लेकिन उसने जनादेश का मतलब सिर्फ एनडीए सरकार पर हमले और आरोप लगाना समझ लिया है, जो जनहित में नहीं है।