मोतिहारी
मांगी तीन लाख रंगदारी, नहीं देने पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार
By Deshwani | Publish Date: 20/6/2017 8:27:48 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
चकिया थाने के शेखी चकिया गांव में सोमवार की दोपहर रंगदारी के लिए दो महिलाओं को चाकूमार गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। घायल महिलाओं में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से जख्मी मोहम्मद फैजुद्दीन की पत्नी अफरोजी बेगम की गर्दन, छाती व पेट में पांच जगह जबकि छुड़ाने आई उसकी बहन शहजादी बेगम के पेट में चाकू मारी गई है।
मामले में अफरोजी बेगम ने नगर थाना पुलिस को दिए अपने फर्द बयान में बताया कि वह सोमवार को गृह निर्माण का कार्य करा रही थी, इसी दौरान ग्रामीण फैयाजुद्दीन, आरिफ फैज, नाजिश फैज, अरमान, जुगनू, याशिर भोला, राजू, बबलू, तौसिफ व चार अन्य अज्ञात लोगों ने आकर गृह निर्माण कार्य रोक दिया। विरोध करने पर ये लोग तीन लाख रुपये रंगदारी की मांग करने लगे। इंकार करने पर हत्या की नीयत से उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए। उसे बचाने उसकी बहन शहजादी बेगम को भी चाकूमार जख्मी कर दिया गया। हल्ला सुन ग्रामीणों को आते देख सभी आरोपित फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों ने जख्मी महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।