मोतिहारी
मुखिया पति ने दर्ज कराया था झूठा केस, अब खुद मामले में फंसे
By Deshwani | Publish Date: 14/6/2017 7:43:53 PM- पुलिस जांच में अार्म्स एक्ट का मामला निकला गलत, दर्ज हुई प्राथमिकी
मोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
ग्रामीणों पर आर्म्स एक्ट का गलत मुकदमा दर्ज कराने वाले लखौरा थाने के ध्रुव लखौरा पंचायत के मुखिया पति पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुखिया पति विजय सहनी द्वारा विगत सात िदसंबर 2014 को अपने पांच ग्रामीणों पर लखौरा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में आर्म्स एक्ट का मामला गलत पाए जाने के बाद एसपी जितेन्द्र राणा ने सहनी पर केस दर्ज करने का आदेश दिया था। जिसके आलोक में दरोगा देवेन्द्र चौधरी के बयान पर मुखियापति पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मुखिया पति द्वारा 2014 में ग्रामीण रामाज्ञा सहनी, विनोद प्रसाद, भोला सहनी, सुरेश सहनी व राजू सहनी पर लखौरा थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। उनके द्वारा पुलिस को एक देसी पिस्तौल व खोखा भी बरामद कर पुलिस को सौंपा गया था। एफआईआर में मुखिया पति ने बताया था कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान पांचों ने उसे घेर लिया, रामाज्ञा सहनी ने देसी पिस्तौल से फायरिंग की। निशाना चूक जाने के कारण गोली बाबूलाल सहनी के सीने में लग गई। फायरिंग की आवाज सुना ग्रामीणों ने मौके से रामाज्ञा सहनी को पकड़ा। ग्रामीणों की पिटाई से रामाज्ञा बुरी तरह जख्मी हो गया, िजसकी इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई थी। पुलिस जांच में पाया गया कि बाबूलाल सहनी के जख्म प्रतिवेदन में भोथरे हथियार से मामूली जख्म पाया गया। जब इसकी वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई तो मामला गलत पाया गया।