मोतिहारी
पर्यावरण रक्षा से ही हो सकती जीवन रक्षा
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 7:48:31 PMरक्सौल। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पर्यावरण की रक्षा करके ही जीवन की रक्षा की जा सकती है। उक्त बातें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छठिया घाट सरिसवा नदी के तट पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरणविद प्रो० डॉ अनिल कुमार सिन्हा ने कही। प्रो० सिन्हा ने कहा कि भारत-नेपाल का सीमांचल शहर रक्सौल प्रदूषण से त्राहि-त्राहि कर रहा है। सरिसवा नदी का दुर्गंध,जहरीला जल, महाजाम,धूलकण से आच्छादित वातावरण, क्लिंकर आदि ने रक्सौल पर खतरा पैदा कर रखा है। वनस्पति समाप्त हो रहे हैं, जनता कष्ट में है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से एक-एक वृक्ष लगाने का आग्रह किया है। प्रो० सिन्हा ने कहा कि छठिया घाट को पौधरोपण की दृष्टि से गोद ले लिया गया है। युवा सहयोग दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में फलदार वृक्ष लगाये गए। सहयोग दल के अध्यक्ष सुमित कुमार, महासचिव संतोष कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विकास श्रीवास्तव,संजय सिन्हा, उदय कुशवाहा, गुड्डू सिंह, राजकिशोर, भगत कन्हैया सराफ आदि थे।