झारखंड
महिलाओं के जमीन की एक रुपये में होगी रजिस्ट्री
By Deshwani | Publish Date: 20/6/2017 11:10:24 AMलोहरदगा, (हि.स.)। लोहरदगा निबंधन कार्यालय में महिलाओं के नाम पर एक रुपये में रजिस्ट्री का काम शुरू हो गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए रजिस्ट्रार वैभवमनी त्रिपाठी ने बताया कि इस सूचना को निबंधन कार्यालय में चिपका दिया गया है। अब कोई भी महिला जो 50 लाख रुपये के अंदर की जमीन क्रय करेगी उसका रजिस्ट्री सिर्फ एक रुपये में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है।
अधिसूचना में कहा गया है कि 50 लाख रुपये मूल्य तक के विक्रय विलेखों पर छूट मिलेगी। इसके लिए बिक्रेता महिला हो। इस छूट का लाभ महिलाओं को मात्र एक दस्तावेज के निबंधन पर ही प्रदान किया जाएगा। यदि महिला द्वारा दूसरा दस्तावेज निबंधित कराया जाता है, तो उस पर किसी प्रकार की विमुक्ति प्रदान नहीं की जाएगी। यदि दस्तावेज का मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक होगा तो 50 रुपये तक के मूल्य पर ही छूट प्रदान की जाएगी तथा 50 लाख से अधिक मूल्य पर तीन प्रतिशत निबंधन शुल्क प्रभार्य होगा। यदि क्रेताओं की संख्या एक से अधिक होगी तो यह छूट तभी दी जा सकेगी जब सभी क्रेता महिलाएं हो। इस छूट के लिए संबंधित क्रेता महिला को यह शपथ पत्र देना होगा कि उनके द्वारा पूर्व में इस छूट का उपभोग नहीं किया गया है। यह अधिसूचना 19 जून से लागू हो चुकी है।