झारखंड
हेडमास्टर निलंबित,जिला परिषद सदस्य के पति पर रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
By Deshwani | Publish Date: 19/2/2017 3:46:28 PMलातेहार, (हि.स.)। बरवाडीह के डोरामी प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी हेडमास्टर विनोद राम को सरकारी राशि में गड़बड़ी करने पर डीएसइ ने निलम्बित कर दिया है। हेडमास्टर पर स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता बरतने,एमडीएम में गड़बड़ी करने और स्कूल प्रबंध समिति की खाते से सरकारी राशि दूसरे खाते में रखने का आरोप लगाया गया था। जांच में वितीय अनियमितता पकड़ी है। इसी मामले में उन्हें निलंबित कर दिया गया। इधर निलंबित हेडमास्टर ने बरवाडीह पश्चिमी जिला परिषद सदस्य नाजिमा परवीन के पति मनान अंसारी पर तीन लाख रुपये रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया है।
उन्होंने अतिरिक्त वर्ग कमरा भवन का निर्माण में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर आरोपी मनान अंसारी ने अपने ऊपर लगे आरोप को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन का घटिया निर्माण होने की ग्रामीणोें की शिकायत पर उनकी पत्नी ने जिप सदस्य स्थल पर जांच की थी। शिकायत पर जिले के अधिकारियों ने जांच टीम गठन किया था। टीम में शामिल अधिकारियों ने भी जांच में स्कूल भवन का घटिया निर्माण करने आदि गड़बड़ी पकड़ी थी। गड़बड़ी के आलोक में हेडमास्टर विनोद राम के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई जब शुरू हो गई,तब उनके द्वारा मुझपर मनगढंत आरोप लगाया गया।