लातेहार
उग्रवादियों ने मां-बेटी की गोली मारकर हत्या की
By Deshwani | Publish Date: 4/8/2017 5:34:45 PMलातेहार, (हि.स.)। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मकरा गांव में गुरुवार की रात अज्ञात उग्रवादियों ने मां रीता देवी (48) और उसकी बेटी सपना कुमारी (18) की गोली मारकर हत्या कर दी।
शुक्रवार सुबह पुलिस गांव में पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया। गुरुवार देर रात लगभग छः की संख्या में हथियारबंद उग्रवादी अभिमन्यु सिंह के घर पहुंचे और जबरदस्ती दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलने के बाद उग्रवादियों ने घर के सभी लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया और रीता देवी और उसकी बेटी सपना कुमारी को कब्जे में लेकर घर से लगभग एक किमी दूर ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के शरीर पर पांच-पांच गोली के निशान हैं। हत्यारों ने दोनों महिलाओं के हाथ भी काट डाले। इस संबंध में मृतका के परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कहा जाता है इस महिला के घर में उग्रवादियों का आना-जाना लगा रहता था। इसी कारण इनकी हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।