बिहार
उप मुखिया पति की हत्या, एक नक्सली ढेर
By Deshwani | Publish Date: 21/2/2017 12:03:33 PMलखीसराय, (हि.स.)। बिहार के लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात प्रतिबंधित भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों ने उप मुखिया के पति की गोली मारकर हत्या कर दी । बुधौली पंचायत की उप मुखिया गीता देवी के पति सुनील यादव को सोमवार देर रात माओवादियों ने घर में घुसकर पांच गोलियां मारी, जिससे मौके ही उनकी मौत हो गई । हत्या के बाद माओवादियों ने घटनास्थल पर पर्चा भी छोड़ा है जिसमें लिखा गया है कि पुलिस मुखबिरी करने वालों का यही अंजाम होगा। वहीं, बांका जिले उग्रवाद प्रभावित आनंदपुर पुलिस आउट पोस्ट क्षेत्र के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुयी मुठभेड़ में नक्सली कमांडर मंटू खैरा मारा गया। पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि माओवादी के उग्रवादियों के खिलाफ पिलुआ जंगल में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा था। तभी नक्सलियों की ओर से गोलीबारी शुरु कर दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में नक्सली कमांडर मंटू खैरा मारा गया।