कोडरमा, (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित कोडरमा बाजार सहित झुमरीतिलैया, जयनगर, मरकच्चो, डोमचांच जैसे क्षेत्रों में वट सावित्री की पूजा पारंपरिक तरीके से संपन्न हुई। सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार कर गुरुवार की सुबह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित वट वृक्ष की पूजा-अर्चना विधिवत कर वृक्ष के फेरे लिये और ईश्वर से अमर सुहाग की कामना की। जिला मुख्यालय स्थित कोडरमा थाना परिसर में अवस्थित वटवृक्ष के समीप कोडरमा विधायक सह राज्य की शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव ने भी वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना कर और वट वृक्ष के फेरे लेकर अमर सुहाग की कामना की।
मौके पर डॉ यादव ने राज्य के सभी सुहागिन महिलाओं को वट सावित्री पूजा की शुभकामना देते हुए कहा की वट सावित्री पूजा पति पत्नी के बीच अटूट प्रेम समर्पण और त्याग का प्रतीक है। थाना परिसर में नगर पंचायत अध्यक्ष कांति देवी, सरस्वती देवी, मधु कुमारी, सविता देवी, श्वेता सिंह, रेखा देवी, उर्मिला देवी, कनकलता समेत काफी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष पूजा में भाग लिया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि संजीव समीर, बसंत यादव, नरेंद्र सिंह, कोडरमा थाना प्रभारी राजवल्लभ पासवान समेत अन्य लोग मौजूद थे।
इधर झुमरी तिलैया शहर के विभिन्न वट वृक्षों के नीचे सुहागिन महिलाएं अपने पति के दीर्घायु होने की कामना करते हुए पूजा अर्चना की। पुराणों की मानें तो इसी दिन सावित्री अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस मांग लायी थी। तब से वट सावित्री की पूजा की परंपरा शुरू हुई। इधर डोमचांच में भी वट सावित्री पूजा को लेकर महिलाओं की भीड़ उमड़ी। डोमचांच, महथाडीह, तेतरियाडीह, बंगाखलार, बंगाय, महेशपुर, नावाडीह, बेहराडीह, सपही आदि क्षेत्रों की सैकड़ों महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। मरकच्चो, सतगावां, चंदवारा तथा जयनगर प्रखंड के विभिन्न इलाकों में भी महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर पति के दीर्घायु होने की कामना की।