झारखंड
डायन बता रिश्तेदारों ने ही दंपति को मार डाला, तीन धराए
By Deshwani | Publish Date: 13/2/2017 6:22:23 PMखूंटी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के कनसिल्ली नवाटोली गांव में डायन होने के शक पर रविवार की संध्या एक दंपति की उनके ही रिश्तेदारों ने धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। आरोपी उनके ही अपने भतीजे निकले। दंपति की हत्या उनकी बेटी के सामने ही की गई। हत्या में एक महिला भी शामिल थी। सोमवार को सूचना पाकर कर्रा पुलिस हरकत में आई और हत्यारोपी विजय मुंडा, मंगरी मुंडाईन एंव दुर्गा मुंडा तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मृतकों की पहचान ललवा मुंडा (65) और पत्नी बिरसी मुंडाईन (60) के रूप में की गई। ललवा मुंडा की 19 वर्षीय बेटी शीला ने बताया कि घटना के वक्त वो बगल के घर में बैठी।अचानक शोरगुल की आवाज सुन शीला घर की ओर भागी। यहां उसने देखा कि उसके माता-पिता पर उसके बड़े पिता के बेटे विजय मुंडा, चाचा का बेटा दुर्गा मुंडा और भाभी मंगरी मुंडाईन मिलकर धारदार हथियार से प्रहार कर रहे हैं। उसने यह देख भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और हाथ-पैर बांधकर धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे भी मार डालेंगे।आरोपियों ने शीला को कहा कि तुम्हारे माता-पिता डायन हैं। इन्होंने ने ही उसकी बेटी को मारा है। आगे सभी को भी मार सकते हैं। इसलिए इनका काम तमाम कर दिया। मृतक दंपति के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।