झारखंड
सुहागिनों ने मांगा अखंड सौभाग्य का वरदान
By Deshwani | Publish Date: 25/5/2017 4:35:07 PMखूंटी, (हि.स.)। वट सावित्री के मौके पर सुहागिनों ने गुरुवार को व्रत रख पूजा की और सावित्री सत्यवान की कथा सुन भगवान से अखंड सौभाग्य का वरदान मांगा। वट सावित्री के पावन अवसर पर सुबह से ही रंग-बिरंगे परिधानों में महिलाओं के वट वृक्षों और मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
भक्तिभाव से पूजा अर्चना के बाद महिलाओं ने वट वृक्ष में रेशमी धागा लपेटा और पंडितों से वट सवित्री की कथा सुनी। दिन भर महिलाएं फलाहार पर रहीं। कुछ महिलाओं ने निर्जला व्रत भी रखा। वे शुक्रवार को व्रत का पारण करेंगी। महादेव मंडा, मिश्रा टोली, पिपराटोली, बाजार टांड़, तोरपा रोड सहित अन्य स्थानों के मंदिरों और वट वृक्ष के पास महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। वट सावित्री को लेकर अंगड़ाबाड़ी स्थित बाबा आम्रेश्वर धाम में भी सुबह से ही भक्तों की काफी भीड़ लगी रही।