बिहार
जल निकायों से अवैध कब्जा हटाने की शुरू हुई कार्रवाई
By Deshwani | Publish Date: 5/7/2017 1:38:24 PMखगड़िया, (हि.स.)। सात नदियों का नैहर कहे जाने वाले खगड़िया जिला के 47 जल निकायों पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जिले के सात विभिन्न अंचलों में 263 जल निकाय हैं। इसमें से 27 स्थायी तथा 29 जल निकाय अस्थायी रूप से अवैध कब्जा के शिकार हैं। भू-माफिया ने नदी, तालाब की जमीन बेचकर करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा कर लिया है तथा राजस्व कर्मियों को मेल में लेकर फर्जी तौर पर उक्त जमीन की जमाबंदी भी करा लिया है। प्रशासन ने 12 ऐसे जमाबंदी को रद्द करने की कार्रवाई शुरू किया है। जिन जल निकायों से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू हुई है उनमें सर्वाधिक अलौली अंचल के 21 जल निकाय हैं। खगड़िया के 8, मानसी में 7, परबत्ता में 5, गोगरी में 4 तथा चौथम और बेलदौर में एक-एक जलनिकाय अवैध कब्जा के शिकार हैं। हालांकि इस जिला में एडीएम का पद रिक्त रहने के कारण जल निकायों की फर्जी जमाबंदी को रद्द करने का काम बाधित है। लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से भू-माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।