झारखंड
माओवादी मुठभेड़ में जेजेएमपी के दो एरिया कमांडर सहित तीन गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 8/12/2017 12:56:45 PMहजारीबाग, (हि.स.)। चरही थाना अंतर्गत तापिन के पास के जंगल में गुरुवार की रात लगभग दो बजे प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो एरिया कमांडर भकरा मुंडा, बीगा पासवान को गिरफ्तार किया साथ ही एक अन्य सक्रिय सदस्य पाली खान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में पाली खान के हाथ में गोली लगी है उसका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल के आस-पास सर्च अभियान के दौरान दो राइफल, 100 जिन्दा कारतूस, चार पिठु व अन्य कई सामान बरामद किया।
एसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि पुलिस को चरही थाना क्षेत्र में जेजेएमपी माओवादियों के पहुंचने की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर सीआरपीएफ, जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही माओवादियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में पाली खान को गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों एरिया कमांडर पर हजारीबाग, चतरा एवं रांची जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।