झारखंड
जैन साध्वी से सीआरपीएफ जवानों ने सीखे तनावमुक्ति के गुर
By Deshwani | Publish Date: 14/11/2017 9:49:08 AMबोकारो, (हि.स.)। चास स्थित सीआरपीएफ (केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल) 26वीं बटालियन के जवानों ने सोमवार को तनावमुक्ति के गुर सीखे। समादेष्टा अखिलेश कुमार सिंह की पहल सरहित जीवन विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गयी। कार्यक्रम में उपस्थित जैन श्वेताम्बर संप्रदाय के 11वें धर्मगुरु श्री महाश्रमणजी की शिष्या समणी परिमल प्रज्ञा ने तनावमुक्ति के उपाय बताते हुए उनका मार्गदर्शन किया। अपने प्रवचन में समणजी ने कहा कि तनाव को खत्म नहीं किया जा सकता, लेकिन सकारात्मक सोच एवं योग साधना से इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। इस अवसर पर जवानों के अतिरिक्त उनके परिवार के सदस्यों ने भी भाग लिया तथा साध्वी द्वारा दिये गये व्याखान से लाभ उठाया। सबों ने स्वस्थ रहने, प्रसन्न रहने तथा अपनी सोच को सकारात्मक रखने की शपथ ली। साध्वी द्वारा इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की गयी कि परिचालनिक व्यस्ताओं के बावजूद जवानों को समय पर अवकाश व परिवार साथ रखने जैसी तमाम सुविधाएं प्रदान कर और उन्हे तनावमुक्त रखा जा रहा है। इस अवसर पर समणी मर्यादा प्रज्ञाजी भी उपस्थित थीं। संगोष्ठी के अंत में कमाण्डेंट अखिलेश कुमार ने दोनों साध्वियों के प्रति आभार जताया।