झारखंड
शहर में गंदगी फैलाने वाले हो जाएं सावधान
By Deshwani | Publish Date: 13/11/2017 11:26:55 AMरांची, (हि.स.)। राजधानी रांची के ऐसे लोग सावधान हो जाएं, जो शहर में कचड़ा फैलाते हैं और रोड पर कूड़ा करकट फेंकते हैं। अब ऐसे लोगों से निपटने के लिए रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम लगी हुई है। यह टीम विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में तैनात है। साथ ही खुले में शौच करने वाले पर भी नजर रख रही है। इस दौरान गंदगी फैलाने या सड़क पर कूड़ा कचरा फेंकने वालों को पकड़कर जुर्माना वसूल रही है।
राजधानी रांची के अपर बाजार, मेन रोड, कचहरी चौक, कांटा टोली चौक सहित अन्य जगहों पर इंफोर्समेंट की टीम नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान अगर कोई भी खुले में गंदगी करते पाया गया तो ऐसे लोगों को इंफोर्समेंट टीम पकड़ेगी और जुर्माना भी वसूलेगी।
शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसे लेकर नगर निगम ने कई इंफोर्समेंट टीम का भी गठन किया है, जो शहर के विभिन्न जगहों पर तैनात हैं।
इस संबंध में सिटी मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ निगम की ही नहीं हम सबकी है। जब तक आम लोग जागरूक नहीं होंगे तब तक स्वच्छ भारत का मिशन पूरा नहीं होगा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आम लोगों को भी जागरूक होना होगा और लोगों को भी बताना होगा कि अपने शहर को साफ-सुथरा रखें। उन्होंने कहा कि यह अभियान अभी चलता रहेगा। सड़क और मोहल्ले में गंदगी करने वालों को जुर्माना देना होगा।