रांची, (हि.स.)। हाई स्कूल खेल शिक्षक नियुक्ति परीक्षा रद्द किए जाने की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ नौ नवम्बर को झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) कार्यालय का घेराव करेगा। 29 अक्टूबर को हुई हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर जेएसएससी कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी बुधवार को प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार महतो ने दी। उन्होंने बताया कि नौ नवम्बर को राजभर के अभ्यार्थी झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि हाई स्कूल शारीरिक शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में प्रश्न के चयन में एकरूपता नहीं रखी गई। कुल 150 प्रश्नों में से 65 प्रश्न ग्रुप ए से ग्रुप सी से 70 व ग्रुप बी से मात्र 15 प्रश्न पूछे गए।
उन्होंने कहा कि खेल शिक्षक की नियुक्ति में खेल से जुड़े ग्रुप से सबसे कम प्रश्न पूछे गए। इससे परीक्षार्थियों को काफी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि इसी को लेकर झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग पूर्व में ली गई परीक्षा रद्द करें। उन्होंने कहा कि अगर इस दिशा में जल्द पहल नहीं की जाती है, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।